September 4, 2026
2

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 4 सितंबर 2026। कस्बे के अंग्रेजी माध्यम विद्यालय एकलव्य पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भक्ति, उल्लास और नन्हे बच्चों की खिलखिलाहट के बीच मनाया गया। नर्सरी से प्रथम कक्षा तक के बच्चे राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे तो पूरा परिसर मानो ब्रज की छटा में रंग गया। अभिभावकों द्वारा बच्चों का किया गया आकर्षक श्रृंगार भी सभी के आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण के भजन ‘नंद के घर आनंद भयो, आयो रे शुभ दिन आयो’ पर नन्हे कलाकारों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति से हुआ। राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों ने अपनी मासूम अदाओं, भाव-भंगिमाओं और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर तालियों और ‘जय कन्हैयालाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। बच्चों के थिरकते कदम और सुंदर वेशभूषा कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहे। इस अवसर पर 15 अगस्त के कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर संस्थान के निदेशक रिछपाल सिंह ने अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में अध्यक्ष महेंद्र सिंह, विद्यालय प्राचार्य पवन कुमार सिंह, संस्थान निदेशक रिछपाल सिंह, विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। प्राचार्य पवन कुमार सिंह ने मंच संचालन किया तथा निदेशक रिछपाल सिंह ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत-अभिनंदन किया।