September 3, 2026
1

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 सितंबर 2026। नगरपालिका चुनाव की सरगर्मियां तेज होने के साथ ही कांग्रेस ने भी चुनावी मैदान में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। भाजपा के पिछले प्रदर्शन को चुनौती देते हुए कांग्रेस इस बार नगरपालिका में बोर्ड बनाने की रणनीति के साथ चुनावी मैदान में जुटी हुई है। पार्टी प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क कर मतदाताओं से समर्थन मांग रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को कांग्रेस की महिला प्रदेश महासचिव नीरू चौधरी ने नगरपालिका चुनाव के पार्टी प्रत्याशियों से मुलाकात कर चुनावी तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने प्रत्याशियों को मजबूती के साथ चुनाव लड़ने, वार्ड में प्रभावी जनसंपर्क बढ़ाने तथा संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। चौधरी ने वार्ड 15 से राधेश्याम सारस्वत, वार्ड 6 से अंजू पारख, वार्ड 25 से श्रीकिशन तथा वार्ड 22 से रमेश प्रजापत, वार्ड 11 ममता देवी, रामचंद्र छापोला से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रत्याशियों को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर शुभकामनाएं दीं और चुनाव में पूरी मजबूती के साथ जुटने का आह्वान किया। चौधरी ने कहा कि इस बार पार्टी नगरपालिका चुनावों में प्रत्येक वार्ड में संगठनात्मक ताकत के साथ मैदान में उतरेगी और प्रत्याशियों और संगठन के बीच बेहतर समन्वय के जरिए मजबूत प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है। चौधरी ने विभिन्न वार्डों में वार्ड वासियों से भी मुलाकात कर वोट मांगे।