September 3, 2026
1

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 सितंबर 2026। क्षेत्र में सामाजिक व आर्थिक रूप से पिछड़े परिवार के संकट की घड़ी में एक सरकारी स्कूल के स्टाफ ने सामूहिक सहयोग कर मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की मिसाल पेश की है। गांव लिखमीसर उत्तरादा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पोषाहार बनाने का कार्य करने वाले गोपालगर पुत्र लालगर की खेत में बनी ढाणी 25 अगस्त को करंट की चपेट में आ गई। करंट से लगी आग में ढाणी में बने झोंपड़े सहित गृहस्थी का पूरा सामान, राशन, जरूरी उपकरण और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। अचानक हुए इस अग्निकांड से परिवार की पूरी गृहस्थी उजड़ गई और उसके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित पूरे स्टाफ ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आने का निर्णय लिया। स्टाफ सदस्यों ने आपसी सहयोग से एक लाख रुपये की राशि एकत्रित कर परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में सौंपी। संकट की घड़ी में मिली इस मदद से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली।
प्रधानाचार्य नितेश कुमार भास्कर ने स्टाफ सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंद परिवार के साथ खड़ा होना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने परिवार को भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस सहयोग में प्रधानाचार्य नितेश कुमार भास्कर सहित मोटाराम राहड़, रामरतन जाखड़, लेखराम ज्याणी, रामचंद्र, हनुमान प्रसाद, धनराज गोदारा, मूलाराम नाई, श्यामसुंदर, जीवाराम गुर्जर, सुरेश कुमार, संतोष बिजारणियां, दुर्गा तर्ड, सोनम, हेतराम राहड़, मालाराम खोड, विजय कुमार शर्मा, शिवकरण गोदारा, दुर्गा जाखड़ एवं रामकिशन नायक भागीदार बने। अग्निकांड से प्रभावित परिवार ने विद्यालय के समस्त स्टाफ का आभार जताते हुए कहा कि विपत्ति के समय मिले इस सहयोग ने उन्हें फिर से गृहस्थी संभालने का संबल दिया है।