July 23, 2026
0000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 जुलाई 2026। बुधवार को भड़ली नवमी के अवसर पर श्रीडूंगरगढ़ अंचल के कई गांवो में अच्छी बरसात हुई। क्षेत्र के किसानों ने परंपरागत शगुनों के आधार पर आगामी मानसून का आंकलन किया। ग्रामीण अंचल के किसानों की पुरानी मान्यता है कि भड़ली नवमी पर हवा और मौसम के रूख को देखकर वर्षा का अनुमान लगाया जाता है। वहीं इस दिन बरसात होने से जमाना अच्छा होने की मान्यता है। कल क्षेत्र में कई इलाकों में तर बतर बरसात हुई और किसानों ने इसे शुभ शगुन माना। किसानों ने बताया कि भड़ली नवमी पर वर्षा और अनुकूल मौसम आगामी दिनें में नियमित और अच्छी बरसात का संदेश देता है, जिससे खरीफ की फसलों की बुवाई और बढ़वार को गति मिलेगी।
बुधवार को अंचल के गांव लिखमादेसर में शानदार बरसात हुई। ठुकरियासर, मोमासर में हल्की बरसात हुई। वहीं उदरासर, गुसाईंसर सहित आस पास के गांवो में भी बूंदाबांदी हुई। टेऊ, सूडसर, दुलचासर, देराजसर, गोपालसर व सेरूणा में चार चार आंगल बरसात हुई। इन गांवो में करीब 25 मिनट तक अच्छी बरसात हुई। श्रीडूंगरगढ़ शहर में भी देर रात झमाझम बरसात हुई। रीड़ी, जैसलसर, सतलेरा, अभयसिंहपुरा में तीन से चार अंगुल बरसात हुई है। जैसलसर रोही के किसान मदनसिंह बिका, उदरासर के किसान दुलदास स्वामी, दुलचासर के किसान तेजाराम महिया, गोपालसर के किसान करणीसिंह पड़िहार, देराजसर के किसान भंवरलाल भादू ने बताया कि इस बरसात से फसलों को जीवनदान मिल गया है। अब तक बारिश नहीं होने के कारण बाजरा, मूंग, मोठ और ग्वार की फसलों पर संकट मंडरा रहा था, जिसे इस बरसात ने दूर कर दिया है।
मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मौसम विभाग ने अगले 6 दिनों तक बीकानेर जिले सहित संभाग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। विशेषज्ञों ने आगामी छह दिनों तक लगातार मानसून के सक्रिय रहने की संभावना जताई है। बुधवार को दिन भयंकर उमस भरा रहा और शाम को अंचल के कई गांवो में अच्छी बरसात हुई। तीखी धूप और तेज उमस से ही पश्चिमी राजस्थान पर लो प्रेशर सिस्टम बना, जिससे आगामी 22 से 48 घंटों में फिर से झमाझम बारिश की पृष्ठभूमि तैयार कर रहा है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लिखमादेसर में हुई अच्छी बरसात।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दुलचासर गांव में कोटासर फांटा मार्केट के पास भरा बरसात का पानी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सूडसर में हुई अच्छी बरसात।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। देर रात रीड़ी में हुई बरसात।