






ट्रॉमा सेंटर की मांग को लेकर धरना 640वें दिन भी जारी
श्रीडूंगरगढ़। ट्रॉमा सेंटर एवं उपजिला अस्पताल की मांग को लेकर ट्रॉमा सेंटर निर्माण संघर्ष समिति का उपखंड कार्यालय के सामने चल रहा अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को 640वें दिन भी जारी रहा। भीषण गर्मी और उमस के बीच भी धरनार्थी अपनी मांग पर डटे है। संघर्ष समिति के सदस्य राजेंद्र प्रसाद स्वामी ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ जैसे बड़े क्षेत्र में ट्रॉमा सेंटर और उपजिला अस्पताल का अभाव लंबे समय से महसूस किया जा रहा है। इसी मांग को लेकर समिति पिछले 640 दिनों से शांतिपूर्ण धरना दे रही है। उन्होंने सरकार से क्षेत्र की सबसे बड़ी जरूरत ट्रॉमा सेंटर व उपजिला अस्पताल के निर्माण का निर्णय शीघ्र लेने की अपील की। धरने पर मदनलाल प्रजापत, रामकिशन गावड़िया, प्रकाश गांधी, गौरव टाडा, आदूराम बाना, उस्मान आरिफ, मालाराम कुलड़िया, मुकेश ज्याणी, राजू गुसाईं, नारायणनाथ सिद्ध, मघाराम मेघवाल, रवि बारूपाल, श्रवण तरड़, जियाराम जाट, सुखराम तरड़, बाबूलाल तरड़, भियाराम झोर्ड, जयलाल नैण, कोजूराम तरड़, मूलाराम सियाग, चोखाराम गोदारा सहित अन्य धरनार्थी उपस्थित रहें।

झूलेलाल चालीसा महोत्सव 16 जुलाई से, 40 दिनों तक होंगे धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल का 40 दिवसीय चालीसा महोत्सव 16 जुलाई से 25 अगस्त तक सिंधी कॉलोनी स्थित श्री झूलेलाल मंदिर में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सिंधी समाज के युवा मीडिया प्रभारी रवि रिझवानी ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी चालीसा महोत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। सिंधी पंचायत अध्यक्ष श्रवण कुमार गुरनाणी एवं मंत्री अशोक वासवानी ने बताया कि 16 जुलाई को सुबह 6 बजे ध्वजारोहण होगा। इसके बाद सुबह 6:30 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी तथा डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के लिए महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। सिंधी पंचायत के कोषाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद खट्टनाणी ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम 7:30 से 9 बजे तक श्री झूलेलाल चालीसा का सामूहिक पाठ किया जाएगा। व्यवस्थापक अशोक गुरनाणी ने बताया कि पूरे महोत्सव में समाज के लोग सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। महिला मंडल की मीनाक्षी मोरवानी ने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार को बच्चों की ओर से नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। वहीं, संत कंवरराम मंडली के निखिल रिझवानी ने बताया कि महोत्सव के दौरान विभिन्न दिनों में भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।
पवन कुमार प्रजापत का पदोन्नति पर स्वागत
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मोमासर निवासी पवन कुमार प्रजापत ने व्याख्याता (हिंदी) से पदोन्नत होकर सीबीईओ कार्यालय में आरपी (रिसोर्स पर्सन) पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रजापति शिक्षा सेवा समिति की ओर से साफा एवं माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। समिति के पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों ने पवन कुमार प्रजापत को पदोन्नति पर शुभकामनाएं दी। इस दौरान उपाध्यक्ष मोहनलाल मानोठिया, मंत्री रामचंद छापोला, नंदकिशोर बासनीवाल, किशोरीलाल घोडेला, हरिप्रसाद बासनीवाल, रमेश बासनीवाल, मघराज प्रजापत, बनवारीलाल निमीवाल सहित समिति के सदस्य एवं समाजजन मौजूद रहे। समारोह में उपस्थित लोगों ने मिठाई खिलाकर प्रसन्नता जताई।










