






वनपाल और महिला पर्यवेक्षक भर्ती के लिए आवेदन अब 11 फरवरी तक।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ओटीआर और दस्तावेज अपलोड करने में आ रही परेशानी को देखते हुए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने दो भर्तियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। वनपाल भर्ती और महिला पर्यवेक्षक भर्ती के लिए अब 11 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। पहले वनपाल भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 4 फरवरी थी और महिला पर्यवेक्षक के लिए 5 फरवरी थी। आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ने से अभ्यर्थियों को राहत मिली है। अभ्यर्थी बार बार चयन बोर्ड से शिकायत कर रहे थे कि उन्हें आवेदन में दिक्कत हो रही है। दस्तावेज अपलोड नहीं कर पा रहें हैं। बोर्ड ने आवेदकों को सलाह दी है कि ऑनलाइन आवेदन और ओटीआर की प्रक्रिया के लिए बोर्ड के दिशा निर्देशों का अवलोकन करें। साथ ही अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय सीमा के भीतर आवेदन कर दें।
आरबीएसई : प्रवेश पत्र के लिए लॉगिन आईडी जारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से परीक्षाओं के प्रवेश पत्र और केंद्र सामग्री के संबंध में विद्यालयों को लॉगिन आईडी उपलब्ध करा दी गई है। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने से पहले शाला से नाम कट चुके विद्यार्थियों की जानकारी सही रूप में दर्ज करें। शाला प्रधानों को निर्देश दिए हैं कि प्रवेश पत्र की जांच के बाद स्वयं के हस्ताक्षर कर विद्यार्थियों को वितरित करें।
सीबीएसई : 10वीं-12वीं के परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र जारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 17 फरवरी से शुरू होने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए प्रवेश पत्र मंगलवार को जारी हुए। सीबीएसई की वेबसाइट पर स्कूल अपने लॉगिन व पासवर्ड से रेगुलर स्टूडेंट के प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।




