






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 दिसम्बर 2020। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका द्वारा नेशनल हाईवे स्तिथ सारस्वत समाज के ट्रस्ट की भूमि पर यज्ञशाला, मंदिर व छात्रावास निर्माण हेतु किए भूमि पूजन पर अतिक्रमण के नाम पर की गई तोड़ फोड़ का विरोध आज गांव ठुकरियासर में सारस्वत समाज ने प्रधान सावित्री देवी को ज्ञापन देकर किया। समाज के खेताराम सारस्वत, पूर्व उपप्रधान मदनलाल, उपसरपंच कुनंदमल सारस्वा, भागीरथ प्रसाद, भींयाराम तावणियां, तुलछाराम सारस्वा, बजरंगलाल, चंदनमल सारस्वा, भैराराम सारस्वा, सरस सेना ठुकरियासर ने प्रधान को ज्ञापन देते हुए कहा कि राजनीतिक द्वैषता में किया गया ये कार्य निदंनीय है। समाज ने कार्रवाई का पूरजोर विरोध करते हुए कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार है और प्रशासन में आपकी दखल है और इस तरह की कार्रवाई होना पूरे समाज की भावनाओं को आहत करना है। समाज के ग्रामीणों ने गांव ठुकरियासर में बन रहें सरस मंदिर के विवादास्पद निर्माण को रोकने पर नाराजगी प्रकट की और इसे शीघ्र पूरा करवाने की बात भी कही। प्रधान प्रतिनिधि ने गांव में सरस महाराज के दर पर माथा टेका और मंदिर निर्माण के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।




