श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 अक्टूबर 2026। देर रात क्षेत्र के गांव जालबसर में सनसनी फैलाने वाली घटना सामने आया। यहां गांव की मुख्य गुवाड़ में ही परचून की दुकान करने वाले एक युवक ने गांव के ही एक युवा की चाकू के वार से हत्या कर दी। कहासुनी हत्या तक पहुंच गई और आरोपी ने तैश में आकर युवक की छाती में चाकू घोंप दिया।
श्रीडूंगरगढ़ थाने में मृतक नेमाराम पुत्र हरिराम जाट के भाई 35 वर्षीय सांवरमल जाट ने कालूराम पुत्र सीताराम जाट व दो अन्य के खिलाफ हत्या करने के आरोप में मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि वह रात करीब 10 से 10.30 बजे वह अपने घर था तभी उसके पास गांव के ही एक युवक का फोन आया कि उसका भाई नेमाराम गांव के टाडे में खून से लथपथ पड़ा है। जब वह मौके पर पहुंचा तो लथपथ हालात में गांव की एक गाड़ी में घायल को लेकर बीरमसर में डॉ के पास गए। डॉक्टर ने गंभीर हालात होने व तुरंत बड़े अस्पताल ले जाने की बात कही। नेमाराम की छाती में चाकू की चोट थी और श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तभी  गांव का ही कालूराम पुत्र थानाराम जाट भी हमारे पीछे पीछे अस्पताल आया। उसने बताया कि रात 10 बजे नेमाराम ने उसे फोन कर कालूराम पुत्र सीताराम जाट द्वारा गुवाड़ में गाली गलौच करने की बात बताई। उसके साथ दो अन्य व्यक्ति भी थे, तो कालूराम थानाराम ने उससे खेत जाने के रास्ते में होने व तुरंत मौके पर पहुंचने की बात कही। जब वह भागकर टाडा में पहुंचा तो देखा कालूराम सीताराम जाट ने नेमाराम की छाती पर चाकू से वार कर दिया। जिससे नेमाराम लहूलुहान हो गया। कालूराम व उसके साथ वाले युवक मौके से भाग छुटे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है व जांच थानाधिकारी कश्यपसिंह राघव कर रहें है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही है।