September 29, 2026
2

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 सितंबर 2026। लोकनायक स्व. लूणाराम सारण की 30वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को महर्षि दयानंद सरस्वती छात्रावास में श्रद्धांजलि सभा एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में स्व. सारण की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया तथा सर्वधर्म प्रार्थना के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि लूणाराम सारण किसान, मजदूर और गरीब वर्ग की आवाज थे। उनकी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि आज देश की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं, क्षेत्र की बेटियों को भी मेहनत और प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ना चाहिए। शिक्षा के क्षेत्र में संसाधनों की कमी नहीं आने दी जाएगी।
छात्रावास प्रबंधन समिति अध्यक्ष एडवोकेट श्यामसुंदर आर्य ने कहा कि लूणाराम सारण के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके विचारों को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा का मजबूत आधारभूत ढांचा तैयार करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। सुशील सेरड़िया ने सारण के जीवन एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। सारण की स्मृति में 27 सितंबर को आयोजित सामान्य ज्ञान, भाषण एवं कविता प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के 6 से 14 आयु वर्ग में दिलबाग सोनियासर मिठिया, सपना जाखड़ बिग्गाबास रामसरा एवं प्रवीण जांगिड़ श्रीडूंगरगढ़ क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहे। 14 से 18 आयु वर्ग में अशोक भुंवाल लिखमीसर उत्तरादा, आयुष भुंवाल लिखमीसर एवं माया नैण श्रीडूंगरगढ़ ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में पूजा सारण सत्तासर प्रथम, विक्रम भुंवाल लिखमीसर द्वितीय तथा कंचन मोटसरा ठुकरियासर व मनोज स्वामी श्रीडूंगरगढ़ तृतीय रहे। भाषण एवं कविता प्रतियोगिता में गीता पारीक लिखमादेसर प्रथम, दिव्यांशी सुथार श्रीडूंगरगढ़ द्वितीय तथा गार्गी गुर्जर श्रीडूंगरगढ़ तृतीय रहीं।
समारोह में पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया, नगरपालिका उपाध्यक्ष विनोद गिरी गुसाईं, पूर्व प्रधान भागुराम सहू, सरपंच एसोसिएशन अध्यक्ष लक्ष्मणराम जाखड़, साहित्यकार श्याम महर्षि, धूड़ाराम डेलु, मुलाराम भादू, किशनाराम गोदारा, चन्द्राराम कूकणा, प्रभुराम बाना, श्रीराम भादू, केसराराम गोदारा, सुभाष पूनियां, नरेश मोट, रेखाराम कालवा, टेमाराम मेघवाल, डॉ विवेक माचरा, हरिराम गोदारा, नारायणनाथ सिद्ध, दानाराम भादू, थानमल भाटी, मोडाराम तरड़, पुरखाराम कूकणा, मोहनलाल भादू, बाबूलाल तावनिया, नरेन्द्र कुमार भनोत, जगदीश स्वामी, एडवोकेट रणवीरसिंह खिची, लालचन्द गुर्जर, रामचन्द्र गीला, दुर्गाराम महिया, गणेश पोटलिया, कुम्भाराम गोदारा, सहीराम सायच, संजय पारीक, तोलाराम सिहाग, कमल किशोर नाइ, सत्यनारायण योगी, रामप्रताप गोदारा, डालूराम कस्वां, तोलाराम हुड्डा, जैसाराम कुलड़िया, गोपाल खिलेरी रामेश्वरलाल सारण सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्यजन एवं युवा मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन सुशील सेरड़िया ने किया। छात्रावास अधीक्षक श्रवण कुमार भांभू एवं दयानंद सारण ने आभार जताया।