


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 सितंबर 2026। समर्थन मूल्य पर खरीद को लेकर राजफैड ने नियमावली में तीन महत्वपूर्ण परिवर्तन कर दिए है। नए नियमों के अनुसार खरीद के लिए अब फार्मर रजिस्ट्री आईडी जरूरी होगी, आधार से लिंक्ड अकांडट में राशि प्राप्त होगी तथा एक से अधिक खातेदारों के टोकन कट सकेंगे।
राजफैड ने ये बड़ा फेरबदल करते हुए किसानों को राहत देने की बात कही है। विभाग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भीकासिंह ने बताया कि समर्थन मूल्य योजना के तहत खरीफ सीजन 2026-27 में मूंग एवं मूंगफली की सरकारी खरीद के लिए किसानों को अब Farmer Registry ID बनवाना अनिवार्य होगा। Farmer ID के अभाव में किसान अपनी फसल को समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए होने वाले सरकारी पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाएंगे। सिंह ने कहा कि राजफैड जयपुर की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार सरकारी खरीद व्यवस्था में पारदर्शिता और वास्तविक किसानों तक योजना का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य किया गया है। ऐसे में जिन किसानों ने अभी तक फार्मर रजिस्ट्री आई डी नहीं बनवाई है, उन्हें समय रहते यह प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है। किसान अपने आधार कार्ड, जमाबंदी, बैंक खाता सहित आवश्यक दस्तावेजों के साथ नजदीकी ई-मित्र केंद्र, कृषि कार्यालय या सहकारी समिति पर जाकर फार्मर रजिस्ट्री करवा सकते हैं। फार्मर आई डी बनने के बाद ही ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर सरकारी खरीद के लिए पंजीकरण संभव होगा। विभाग की ओर से किसानों से अपील की गई है कि वे अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए समय रहते फार्मर रजिस्ट्री आई डी बनवा लें, ताकि समर्थन मूल्य पर मूंग एवं मूंगफली बेचने के लिए पंजीकरण के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वहीं भिकासिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले एक जनाधार का एक ही टोकन कटता था परंतु इस बार जिनकी जमाबंदी है उन सभी भाइयों या पति पत्नी की गिरदावरी के भी टोकन खुलेंगे। वहीं इस बार राजफैड द्वारा किसान की राशि का भुगतान चार से पांच दिन में उसके आधार कार्ड से लिंक खाते में ही किया जाएगा। विभाग ने समय रहते किसानों से पूर्व तैयारी पूरी करने की अपील की है।
आप सभी खास खबरों से जुड़े रहने के लिए श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के साथ जरूर जुड़े। ये खबर क्षेत्र के हर एक किसान व खेत ढाणी तक पहुंचाकर किसानों तक जरूरी व सही जानकारी भी जरूर पहुंचाए।







