


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 सितंबर 2026। महिलाएं घर परिवार की नींव है और समाज के घरों में महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। एक पीड़िता ने श्रीडूंगरगढ़ थाने पहुंचकर ससुराल वालों के खिलाफ आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है।
परिवादिय माया सोनी ने अपने पति जोगमल, ससुर शिवनारायण सुनार, सास मनोहरी देवी, काका ससुर गोपाल, काका ससुर के बेटे रमेश व जसराज के खिलाफ आरोप लगाए है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 2009 में उसका विवाह गांव बाना में पिता ओमप्रकाश के घर संपन्न हुआ। तभी से पति व सास ससुर दहेज की मांग करते हुए तंग परेशान करने लगे। 28 जुलाई 2026 को काका ससुर ने नशे में उससे बदसलूकी की। उसके सास ससुर ने पेट्रोल डालकर जला कर मार डालने की धमकी दी। 30 जुलाई को सुबह करीब 10 बजे काका ससुर के बेटे रमेश व जसराज आए और सास ससुर के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट करते हुए लज्जा भंग की और उसे गंदी गालियां दी। पीड़िता ने पड़ौस के घर में जाकर अपनी जान बचाई। उसी दिन उसने पिता को ससुराल बुलाकर सारी बात बताई तो आरोपियों ने दुबारा ऐसी गलती नहीं करने की बात कही। अगले ही दिन 31 जुलाई की सुबह वह रसोई में खाना बना रही थी तभी आरोपियों ने गालियां देते हुए फिर उसके साथ मारपीट की और जलाकर खत्म कर देने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई मोहनलाल को दी है।





