








श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 सितंबर 2026। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की मोमासर प्रखंड की बैठक गांव में भोमिया जी मंदिर परिसर में बुधवार दोपहर को आयोजित हुई। बैठक में संगठन विस्तार, हिंदू समाज की एकजुटता और नई पीढ़ी को संस्कारित एवं धर्मनिष्ठ बनाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए बीकानेर विभाग संगठन मंत्री भूपेश वैष्णव ने कहा कि संगठित समाज ही सुरक्षित और संस्कारित समाज का आधार है। उन्होंने हिंदू परिवारों को संगठन से जोड़ने और समाज को मजबूत बनाने का आह्वान किया। जिला मंत्री फतेह सिंह ने प्रत्येक सप्ताह एक घंटे का साप्ताहिक सत्संग आयोजित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सत्संग के माध्यम से बच्चों और युवाओं को संस्कृति, धर्म एवं परंपराओं से जोड़कर संस्कारवान और धर्मनिष्ठ बनाया जा सकता है।
नए दायित्वों की घोषणा
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बैठक में संगठन के विभिन्न दायित्वों की घोषणा की गई। मनोज संचेती को प्रखंड अध्यक्ष, पन्नालाल गोयल को उपाध्यक्ष, सांवरमल शर्मा को मंत्री, पवन शर्मा को बजरंग दल संयोजक, रामनिवास को धर्म प्रसार प्रमुख, बजरंग को विशेष संपर्क प्रमुख तथा भादर गोदारा को प्रचार-प्रसार प्रमुख बनाया गया। इस दौरान मदन सिंह भाटी, भागीरथ, ओमप्रकाश, मूलचंद प्रजापत, अमित सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।








