








श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 सितबंर 2026। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स द्वारा नगरपालिका चुनाव 2026 में विशेष “शहर की बात शहरवासियों के साथ” लाइव कार्यक्रम में रविवार को राजनीतिक प्रतिनिधियों ने जनता के सीधे सवालों के जवाब दिए।
भाजपा से लाइव सवालों की चुनौती स्वीकार की निर्वतमान चेयरमैन मानमल शर्मा ने और जनता के सवालों के जवाब दिए। शर्मा ने पट्टों के बारे में जवाब देते हुए हाईकोर्ट से पट्टे खारिज करवाने और पट्टों में हुई गड़बड़ी की फाइलें स्वयं पकड़ने की बात कही। शर्मा ने शहर में हो रहें सीवरेज के काम में 8 इंच के पाईप डालने की समस्या का लेना देना पालिका से नहीं होने की बात भी कही।
पैनल में समाजसेवी तोलाराम जाखड़ जुड़े जिन्होंने शहर के मतदाताओं को सोच समझ कर काम की नीति रखने वाले अच्छी नीयत के प्रत्याशी को नेतृत्व देने की बात कही। जाखड़ ने बड़े दलों को छोड़कर स्थानीय चुनावों में अच्छे प्रत्याशियों को चुनकर बोर्ड गठन करने की जिम्मेदारी मतदाताओं को दी। कार्यक्रम में रालोपा के डॉ विवेक माचरा, कांग्रेस के विमल भाटी, माकपा के कामरेड सोम शर्मा, विकास मंच के जतनसिंह राजपुरोहित व शूरवीर मोदी शामिल हुए। सभी ने अपनी बात रखते हुए शहर को लेकर अपना विजन रखा। सभी नेताओं ने एक स्वर में पारदर्शिता को महत्व देते हुए साफ सुथरी कार्यशैली कायम करने की बात कही। इस दौरान हजारों दर्शक लाइव से जुडे़ और सवालों की झड़ी लगा दी। हालांकि समय की कमी के कारण कुछएक सवाल ही लिए जा सकें।
आज दोपहर 2 बजे आयोजित होने वाले कार्यक्रम में बुद्धिजीवियों की श्रेणी में प्रथम पंक्ति में आने वाले शिक्षाविद् समाज को शामिल किया गया है। इन शिक्षाविदों से विस्तृत रूप से चुनावी परिदृश्य में शहर की बात की जाएगी जिसमें शहरवासी अपने सवालों के जवाब भी ले सकेंगे।





