September 3, 2026
1

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 03 सितम्बर 2026। आधे से ज्यादा शहर में सप्लाई देने वाले धोलिया रोड 33केवी जीएसएस पर फिर से कब्जा कर शहर की सप्लाई ठप्प कर देने की चेतावनी इस जीएसएस से जुड़े कृषि कुंओं वाले किसानों ने दी है। किसानों का कहना है कि शहर के जीएसएस से जुड़े होने के कारण सप्लाई के दौरान कई बार ट्रिपिंग हो रही है एवं उनके कनेक्शनों को नए बने हेमासर फांटा जीएसएस बेनीसर से जोड़ने के आदेश भी हो चुके है। लेकिन उस जीएसएस के कुछ किसानों द्वारा जोर-जबरदस्ती कर विभाग को यह फीडर वहां पर जोड़ने नहीं दिया जा रहा। ऐसे में शहर के साथ धोलिया रोड़ जीएसएस से जुड़े किसानों की बिजली संबंधी परेशानी थमने का नाम नहीं ले रही है। विदित रहे कि इन किसानों ने करीब 10 दिन पहले जीएसएस पर कब्जा कर इसे जबरन शट-डाउन कर दिया था एवं इस कारण आधे से ज्यादा शहर में करीब छह घंटे तक सप्लाई पूर्णतया बंद ही थी। अब इन किसानों ने गुरूवार को उपखण्ड अधिकारी झंवरलाल मित्तल को ज्ञापन देते हुए एक बार फिर से जीएसएस पर धरना देने एवं उग्र प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। किसानों ने बताया कि गत 24 जुलाई को किए गए शटडाउन के दौरान विभागीय अधिकारियों ने दस दिनों में इन कुंओं को बेनीसर जीएसएस से जोड़ देने का आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक इस संबध में कोई धरातलीय कार्रवाही नहीं की गई है। ऐसे में किसानों में रोष बढ़ा हुआ है एवं किसान फिर से जीएसएस पर कब्जा कर शहर की सप्लाई बंद कर देने की योजना बना रहे है।
धोलिया रोड़ जीएसएस बना शहरी जनता के जी का जंजाल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ से धोलिया गांव जाने वाली रोड़ पर नए जीएसएस का निर्माण किया गया था एवं इससे शहर की बदहाल विद्युत व्यवस्था सुधरने की उम्मीद की जा रही थी। जीएसएस का निर्माण कर घूमचक्कर, हाईवे, बिग्गाबास, मोमासर बास सहित आधे बाजार एवं आधे शहर को श्रीडूंगरगढ़ 33केवी जीएसएस पर रखा गया एवं कालूबास, आडसर बास, सरदारशहर रोड़ आदि क्षेत्रों को धोलिया रोड़ जीएसएस में रखा गया। अब श्रीडूंगरगढ़ जीएसएस से जुड़े क्षेत्रों में सप्लाई तो अच्छी खासी चल रही है लेकिन धोलिया रोड़ जीएसएस पर गांव गुंसाईसर बड़ा सहित धोलिया, जैतासर, एजी आदि फिडरों के कृषि कनेक्शन भी जोड़े होने के कारण आधे से ज्यादा शहर हर दिन बिजली समस्याएं झेलने को मजबुर हो गया है। शहर के लोगों ने इस मुद्दे को हजारों बार उठाया भी है लेकिन विधायक हो या प्रशासनिक अधिकारी कोई हजारों घरों की इस समस्या को सुनने को तैयार नहीं है।शहरवासियों का दर्द है कि इन नेताओं व अधिकारियों को जनता का यह दर्द समझ भी आए तो कैसे, क्यों कि उन सभी के घर एवं आफिस तो श्रीडूंगरगढ़ 33केवी से जुड़े हुए है। जब ये नेता अपने घरों में एसी चला कर आराम फरमा रहे होतें है एवं कालूबास एवं आडसर बास के हजारों लोग गर्मी से पिडित होकर अपनी सुनवाई नहीं होने से निराश हो रहे है। इन मोहल्लों के निवासियों का कहना है कि नेता समस्या सुने नहीं यह तो चलता है लेकिन यहां तो नेता समस्या बढ़ा रहे है। यह विडम्बना ही है कि विधायक ताराचंद सारस्वत के पैतृक गांव गुंसाईसर बड़ा की सप्लाई भी नियमविरूद्ध इस शहर के जीएसएस से जोड़ी हुई है। गांवों में लगने वाला लोढ़ डिस्पैच कट ना लग पाए इस कारण करीब 20 किलोमीटर लंबी लाईन को इस जीएसएस पर जोड़ा हुआ है एवं इसके कारण शहर में हर दिन कई बार बिजली बंद हो रही है।