June 4, 2026
WhatsApp Image 2025-11-16 at 19.41.03

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 नवंबर 2025। सेसोमूं स्कूल का 25वें वार्षिकोत्सव पर रंगारंग सांस्कृतिक समारोह रविवार को भव्यता व हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना, सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक ताराचंद सारस्वत, विशिष्ट अतिथि के रूप में सीबीईओ सरोज पूनियां वीर शामिल हुए। कार्यक्रम में वाइस चेयरपर्सन पद्मा मूंधड़ा ने स्वागत उद्बोधन दिया और कार्यक्रम की थीम चेतना – The Spark of Inner Wisdom’ के बारे में बताया। अतिथियों ने विद्यालय की उत्कृष्ट शिक्षण पद्धति, अनुशासन और सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना की। सारस्वत ने विद्यार्थियों को पाश्चात्य संस्कृति के आकर्षण से दूर रहकर अच्छे संस्कार सीखने एवं अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया। वहीं पूनियां ने अभिभावकों से बच्चों को अनावश्यक मोबाइल नहीं देकर उनके साथ अधिक से अधिक सार्थक समय बिताने की बात कही। विद्यालय के पूर्व छात्र एवं विशेष अतिथि बंग सुमंत, सहायक प्रबंधक (ग्राहक संबंध प्रबंधन), डेलॉइट, गुरुग्राम ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सेसोमूं स्कूल में मिली मूल्य-आधारित शिक्षा और अनुशासन ने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की दिशा प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपना लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया। स्कूल के चेयरमैन जगदीश प्रसाद मूंधड़ा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को साइबर ठगी से सुरक्षित रहने के लिए सजग होने की प्रेरणा दी। प्राचार्य सुब्रत कुंडू ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने वर्ष भर में विद्यालय द्वारा प्राप्त शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विविध नृत्य, नाटक एवं विशेष प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत दी। जिनमे गणेश वंदना, सरस्वती वंदना, रामायण डांस ड्रामा, महारास, नृसिंह अवतार डांस ड्रामा, स्पिरिट ऑफ गरबा डांस, राजस्थानी लोकनृत्य, हिंदी नाटक, अंग्रेज़ी नाटक, मारवाड़ी नाटक, बॉन्ड ऑफ फ्रेंडशिप डांस, आर्मी एक्ट, ऑर्केस्ट्रा, कथक, योग डिस्प्ले, माइम एवं आकर्षक ग्रैंड फिनाले सहित विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ शामिल थीं। दर्शकों ने खूब तालियों बजाकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विशेष रूप से ‘नृसिंह अवतार डांस-ड्रामा की दिव्य एवं रोमांचक प्रस्तुति ने मंच पर ऐसा अलौकिक वातावरण रच दिया। हिंदी नाटक ‘मोबाइल में कैद जीवन’की मार्मिक प्रस्तुति ने दर्शकों की अंतरात्मा को झकझोरकर चेतना का दीप प्रज्वलित किया और उन्हें आधुनिक जीवन की सच्चाइयों पर गहराई से सोचने को विवश कर दिया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समापन अवसर पर एकेडमिक को-ऑर्डिनेटर फरियाद अली काजी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अजीतसिंह परिहार, सीईओ घनश्याम गौड़, रूपचंद सोनी, महावीर माली, सुभाषचंद्र शास्त्री, पवन कुमार मूंधड़ा, बालकराम शर्मा, मंजू ओला, बबीता सक्सेना, पलाश रॉय, डॉ. कृष्णा गहलोत, रामनिवास बेनिवाल, रामनिवास चौधरी, विमल भाटी, महेश राजोतिया, एडवोकेट राधेश्याम दर्जी, विशाल स्वामी, कोरियोग्राफर सुरभि भोजक, नंदिनी राजपुरोहित सहित समस्त विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।