July 22, 2026
000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 जुलाई 2025। एक ज्वेलर्स के घर में घुसकर हथियारों के दम पर 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला नोखा पुलिस थाने में दर्ज हुआ है। रोड़ा रोड़, नोखा निवासी शंकरलाल सोनी ने श्रीडूंगरगढ़ निवासी संदीप पारीक, नोखा निवासी मदन बिश्नोई, नोखा निवासी सुरेश उर्फ सुशिया शिकारी, कुदसू निवासी पवन बिश्नोई, कुदसू निवासी सुभाष व आठ-दस अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 27 जुलाई, रविवार शाम को बदमाश उसके घर में घुसे और उसकी पत्नी पर जानलेवा हमला किया। इनके हाथों में पिस्तौल थी और आरोपियों ने धमकाते हुए कहा कि वे श्रीडूंगरगढ़ निवासी संदीप पारीक के आदमी है। आरोपियों ने महिला से कहा कि तेरे पति शंकरलाल को बाजार में रहकर गोल्ड का व्यापार करना है तो हर महीने फिरौती देनी होगी। आरोपियों ने 50 लाख रूपए की मांग की। परिवादी ने पुलिस को बताया कि संदीप उसे रूपयों की मांग को लेकर तंग परेशान कर रहा है। जब उसकी पत्नी व परिवारजनों ने शोर मचाया तो पड़ोस से उसका भाई व अन्य राहगीर एकत्र हो गए। तभी वहां से आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए गाड़ियों में सवार होकर भाग गए। परिवादी ने घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करवाए है। उसने बताया कि आरोपियों के पास सफेद कलर की फोरच्यूनर, ब्लैक कलर की फोरच्यूनर व ब्लैक स्कॉर्पियों व दो अन्य गाडिय़ां जिसमें एक थार व एक बोलेरो कैम्पर थी। सभी गाडिय़ां पर शिवराज बिश्नोई के बैनर लगे हुए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया व जांच एसआई अमित कुमार कर रहें है।